देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से एचडीएफसी बैंक की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत जनहित में उपलब्ध कराई गई चार अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल राज्य के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि निजी संस्थानों द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत जनहित में किया जा रहा सहयोग सराहनीय है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में एचडीएफसी बैंक द्वारा उपलब्ध कराई गई ये आधुनिक एम्बुलेंस जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगी।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होंगी एम्बुलेंस
बैंक अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इन एम्बुलेंस में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ आवश्यक आपातकालीन उपकरण भी लगाए गए हैं, जिससे मरीजों को प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इसके अलावा, अगले तीन वर्षों तक प्रत्येक एम्बुलेंस में डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और चालक की व्यवस्था भी एचडीएफसी बैंक की ओर से सुनिश्चित की जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।

इन जिलों में मिलेगी प्राथमिक सेवा
प्रारंभिक चरण में इन चार एम्बुलेंस को राज्य के पर्वतीय जनपदों चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग में तैनात किया जाएगा। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता मिलने में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में इन एम्बुलेंस का उपयोग बड़े धार्मिक आयोजनों, आपदा प्रबंधन और विशेष रूप से आगामी हरिद्वार कुंभ जैसे आयोजनों में भी किया जाएगा। उन्होंने एचडीएफसी बैंक से राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों और धार्मिक आयोजनों के लिए भी CSR के तहत अधिक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।

जनभागीदारी से मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए जनभागीदारी और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने एचडीएफसी बैंक की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवाएं आपदा, तीर्थ यात्राओं और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, विनोद कंडारी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली सहित एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैंक की ओर से ब्रांच बैंकिंग हेड (नॉर्थ-3) मुस्कान सिंह, रीजनल हेड (नॉर्थ-3) संजीव कौशिक, जोनल हेड उत्तराखंड बकुल सिक्का, स्टेट हेड उत्तराखंड गौरव जैन और आयुष सिंघल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।







Leave a Reply