,

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: CM धामी ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा, बैणी-भुली योजना से 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: CM धामी ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा, बैणी-भुली योजना से 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल

दिसंबर में जारी होगी बैणी-भुली योजना की पहली किस्त, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित; 149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

चमोली। उत्तराखंड में महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर प्रदेश सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं एक बार फिर स्पष्ट की हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जिले के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में प्रतिभाग करते हुए महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति राज्य की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने बैणी-भुली योजना को लेकर बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना से प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। योजना के तहत प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी और इसकी पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसरों से जोड़ना भी है।

पीपलकोटी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री पहाड़ की पारंपरिक जीवनशैली से भी जुड़े नजर आए। उन्होंने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा यानी हाथ की चक्की से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण जीवनशैली के प्रति अपना जुड़ाव प्रदर्शित किया।

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: CM धामी ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा, बैणी-भुली योजना से 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल

महिलाओं के योगदान को बताया उत्तराखंड की असली ताकत

मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ खेती-किसानी, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पहाड़ की महिलाओं का संघर्ष, परिश्रम और समर्पण प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जो ऐतिहासिक संदेश दिया था, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हमेशा अपने साहस और सामर्थ्य से समाज को नई दिशा देने का काम किया है।

महिलाओं के लिए आरक्षण से लेकर आर्थिक सहायता तक कई योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी पहलों ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक सरकार आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। इस योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज, कृषि, पर्यावरण संरक्षण, खेल और स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इसके अलावा मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मान मिला। कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

खेल क्षेत्र में निशा और स्वाति बड़वाल को सम्मानित किया गया, जबकि लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मान मिला। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के साथ कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन: CM धामी ने महिलाओं को दिया बड़ा तोहफा, बैणी-भुली योजना से 5 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल

लाभार्थियों को बांटे चेक, महिला किसानों को मिला किसान भूषण पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। इसके साथ ही मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

149.77 करोड़ की 30 विकास योजनाओं की सौगात

मातृशक्ति सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने चमोली जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए कुल 149.77 करोड़ रुपये की 30 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन योजनाओं के माध्यम से जिले में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। प्रमुख शिलान्यास कार्यों में गोविंदघाट में मोटर पुल का निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण शामिल है। इसके अलावा हापला-मसौली से गुडम नैल और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।

वहीं, लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर और उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों की स्थापना, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं और कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से संबंधित कार्य शामिल हैं।

तीन मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण की घोषणा

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण की घोषणा भी की। इनमें हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं। इन घोषणाओं से क्षेत्र में आवागमन और स्थानीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पीपलकोटी नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती, रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और महिलाएं सम्मेलन में शामिल हुईं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दोहराया कि प्रदेश की प्रगति मातृशक्ति की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनें, स्वरोजगार के नए अवसर हासिल करें और विकास की मुख्यधारा में अपनी भागीदारी को और अधिक प्रभावी बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Author

https://m7.media9news.com/media9/hls/jnnews.m3u8

Latest Posts

Categories