देहरादून में आयोजित युवा कौशल महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को किया सम्मानित। 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र और 32 आईटीआई टॉपर्स को मेडल देकर बढ़ाया उत्साह।
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, कौशल और उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से सोमवार को देहरादून के आईआरडीटी सभागार में युवा कौशल महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवा अपनी मेहनत, प्रतिभा और कौशल के दम पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं। युवाओं को सही अवसर और मंच मिले तो वे दुनिया के किसी भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।

वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में सानिया जोशी और पार्थ बोहरा ने जीते सिल्वर मेडल
युवा कौशल महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के दो प्रतिभाशाली युवाओं सानिया जोशी और पार्थ बोहरा की उपलब्धियों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने बताया कि सितंबर 2026 में चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 सिल्वर मेडल और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल किए। भारत ने इस प्रतियोगिता में 10वां स्थान प्राप्त किया, जो वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
इस उपलब्धि में उत्तराखंड के युवाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ बोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और यह साबित करती है कि उत्तराखंड की प्रतिभा किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पीछे नहीं है।
35 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, 32 आईटीआई टॉपर्स सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें रोजगार से जोड़ना भी सरकार की प्राथमिकता है। स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलना इस बात का उदाहरण है कि सरकार कौशल विकास से रोजगार तक की मजबूत व्यवस्था तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना भी है। सरकार चाहती है कि उत्तराखंड का युवा जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बने और अपने साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करे।
इसी उद्देश्य से प्रदेश में स्टार्टअप नीति लागू की गई है। युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है, ताकि नए विचारों और स्टार्टअप को आर्थिक सहयोग मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा प्रोत्साहन योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को ऋण एवं सब्सिडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी युवा के सपनों और नवाचार की राह में बाधा न बने।
पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था को लेकर सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल जैसी घटनाओं के कारण मेहनती युवाओं का व्यवस्था से विश्वास कमजोर हो गया था। अभ्यर्थी और उनके परिवार वर्षों की मेहनत और अपनी जमा पूंजी शिक्षा पर खर्च करते थे, लेकिन नकल माफियाओं के कारण प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय होता था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देने का संकल्प लिया। इसी दिशा में राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके बाद भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से आयोजित करने की व्यवस्था मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के बाद से अब तक उत्तराखंड में लगभग 55 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इनमें से पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं की मेहनत, योग्यता और सरकार की पारदर्शी भर्ती नीति का परिणाम है।

आधुनिक आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने के लिए कौशल विकास की गुणवत्ता में सुधार किया जा रहा है। राजकीय आईटीआई को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और प्रशिक्षण व्यवस्था को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके लिए विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि युवाओं को उन क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिल सके, जहां कुशल मानव संसाधन की अधिक मांग है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 100 से अधिक युवा विदेशों में भी अपनी सेवाएं देकर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा के साथ ऐसा व्यावहारिक प्रशिक्षण मिले, जिससे उन्हें देश और विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए युवा आयोग का गठन
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में युवा आयोग के गठन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवा राज्य की नीतियों और विकास प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत भी हैं। उनकी ऊर्जा, विचार और नवाचार से प्रदेश के विकास को नई गति मिल सकती है। सरकार युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है।
खेलों के क्षेत्र में भी युवाओं को मिल रहे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों में दोबारा खड़े होने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।
इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने नई खेल नीति लागू की है। प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं, स्टेडियमों और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर भी प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि उत्तराखंड के युवा खेलों में भी अपनी अलग पहचान बना सकें।

विकसित भारत 2047 के संकल्प में अहम होगी युवा शक्ति की भूमिका
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत युवा आबादी अपनी ऊर्जा, कौशल, नवाचार और सामर्थ्य के बल पर विकसित भारत के निर्माण में निर्णायक योगदान दे सकती है। उत्तराखंड के युवा भी इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए उनके साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के आधार पर आगे बढ़े और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
युवा कौशल महोत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव सी. रविशंकर, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षक, सम्मानित प्रतिभागी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







Leave a Reply