अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गजरौला थाना क्षेत्र के भानपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव से परेशान होकर आरोपियों ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रेलवे ट्रैक किनारे मिला था महिला का शव
जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को गजरौला थाना क्षेत्र के भानपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी धनौरा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी रही।
मृतका की पहचान फरीदाबाद निवासी तनु के रूप में हुई
जांच के दौरान 9 मई 2026 को महिला की पहचान तनु पत्नी सुनील तमोली के रूप में हुई। वह हरियाणा के फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र स्थित शिव विहार कॉलोनी की रहने वाली थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई थी। इसके बाद मृतका के परिजनों की तहरीर पर थाना गजरौला में आरोपी कामिल पुत्र फारुख निवासी ग्राम मिलक बकैना थाना नौगावां सादात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना में सामने आया दूसरा आरोपी
पुलिस विवेचना के दौरान मामले में नाजिर पुत्र छिददु निवासी मीरासराय थाना अमरोहा देहात का नाम भी सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका का अपने पति से विवाद चल रहा था और वह उससे अलग रह रही थी। इसी दौरान उसका संपर्क आरोपी कामिल से हुआ और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
बताया गया कि महिला लगातार कामिल पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। पुलिस के अनुसार कामिल इस रिश्ते से पीछा छुड़ाना चाहता था और उसने अपने बहनोई नाजिर के साथ मिलकर महिला की हत्या की योजना बना ली।
सुनसान जगह ले जाकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने महिला को गजरौला स्टेशन से आगे रेलवे ट्रैक के पास सुनसान इलाके में बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर महिला का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को मृतका की चुन्नी से ढक दिया और मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस मामले के खुलासे में थाना गजरौला प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक सुधीर तोमर, हेड कांस्टेबल शेखर मलिक, हेड कांस्टेबल हरेंद्र कुमार, कांस्टेबल सन्नी कुमार और कांस्टेबल भगत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।






Leave a Reply