देहरादून। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का विस्तृत विवरण देते हुए कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास को नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में वर्तमान में 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

प्रमुख परियोजनाओं का अपडेट
श्री गडकरी ने कहा:
- सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किमी 6-लेन रोड का उद्घाटन जून 2026 में होने जा रहा है।
- 1650 करोड़ रुपये की लागत से पौंटा साहिब-देहरादून फोर लेन मार्ग अगले महीने तक शुरू हो जाएगा।
- 1600 करोड़ रुपये की लागत से हरिद्वार फोर लेन ग्रीन फील्ड बाईपास (फेज-1) अक्टूबर 2026 तक पूरा हो जाएगा, जिससे हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी।
- 1100 करोड़ रुपये की ऋषिकेश बाईपास परियोजना को मंजूरी दे दी गई है, जिस पर अगस्त 2026 तक काम शुरू हो जाएगा।
- 1050 करोड़ रुपये की लागत से 21 किमी रुद्रपुर फोर लेन बाईपास अक्टूबर 2026 में पूरा होगा।
- 936 करोड़ रुपये की लागत से 15 किमी काशीपुर फोर लेन बाईपास दिसंबर 2026 में पूरा होगा।
- 716 करोड़ रुपये की लागत से 12 किमी देहरादून-झाझरा-आशारोड़ी फोर लेन एलिवेटेड रोड अप्रैल 2027 तक पूरा होगा।
- 745 करोड़ रुपये की लागत से 20 किमी भानियावाला-जौलीग्रांट-ऋषिकेश फोर लेन मार्ग अप्रैल 2028 तक पूरा होगा।
- 800 करोड़ रुपये की लागत से श्रीनगर टू-लेन बाईपास की डीपीआर तैयार की जा रही है।

मानसरोवर यात्रा को नया मार्ग
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल और चीन के रास्ते जाना पड़ता था, लेकिन अब 5200 करोड़ रुपये की लागत से टनकपुर-पिथौरागढ़-लिपुलेख मार्ग बनाया जा रहा है। 370 किमी लंबे इस प्रोजेक्ट में से करीब 200 किमी का काम पूरा हो चुका है।
चारधाम ऑल वेदर रोड पर तेज काम
825 किमी लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना में 640 किमी का काम पूरा हो चुका है।
- 1300 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड खंड का काम दिसंबर 2026 तक शुरू किया जाएगा।
- गंगोत्री धाम के लिए 142 किमी का काम पूरा हो चुका है।
- यमुनोत्री धाम के लिए 2500 करोड़ रुपये की लागत से धरासू-यमुनोत्री 46 किमी का काम पूरा हो चुका है और शेष 30 किमी अप्रैल 2028 तक पूरा होगा।

रोपवे और अन्य परियोजनाएं
केंद्र सरकार सोनप्रयाग-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं पर भी काम कर रही है। प्रदेश में कई जगहों पर टनलें भी बनाई जा रही हैं।
नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में सड़क, रेल, हवाई और पर्यटन क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है।







Leave a Reply