काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के विचार और सुझाव सुने और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास नया विजन, आउट ऑफ द बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है।

‘मेरे सपनों के उत्तराखंड’ से मिले महत्वपूर्ण सुझाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करने का अवसर मिलने पर वह उनके विचारों और सुझावों को जानने का प्रयास करते हैं। हाल ही में सरकार की ओर से युवाओं से ‘मेरे सपनों के उत्तराखंड’ को लेकर सुझाव मांगे गए थे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर उपयोगी सुझाव दिए। युवाओं के विचारों से यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि उत्तराखंड का भविष्य प्रतिभाशाली और जागरूक युवाओं के हाथों में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भले ही क्षेत्रफल और जनसंख्या की दृष्टि से छोटा राज्य हो, लेकिन यहां के युवाओं के सपने और उनकी क्षमताएं बड़ी हैं। आने वाले समय में प्रदेश के युवा वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी और उद्यमी के रूप में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी प्रतिभाशाली युवा अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। इसके लिए प्रदेश में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। विद्यार्थियों को विज्ञान और नई तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है।
इसके अलावा प्रदेश में STEM लैब, साइंस एवं इनोवेशन से जुड़ी गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

युवाओं को जॉब सीकर के साथ जॉब क्रिएटर बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें। इसके लिए राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को बदलती जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और डिमांड-बेस्ड स्किल्स से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि बेहतर शिक्षा और रोजगार के लिए युवाओं को अपना घर और पहाड़ छोड़कर दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विश्वस्तरीय खेल नीतियों और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किए जा रहे हैं।
युवा आयोग और अग्निवीर सेल पर मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवा आयोग, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उत्तराखंड के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।
छात्र शौर्य के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और उन्हें सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा।
वहीं, छात्र दक्ष ने ‘सपनों का उत्तराखंड’ को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के लिए पलायन न करना पड़े। राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी जैसी आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनके उत्पादों का स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी फसलों का उचित मूल्य मिल सके।

अग्निवीरों के भविष्य को लेकर बनेगा अग्निवीर सेल
छात्रा चंद्रा ने अग्निवीर सैनिकों के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य को लेकर सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर लगातार योजनाएं तैयार कर रही है, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
AI और टेक्नोलॉजी को लेकर युवाओं से संवाद
छात्रा खुशी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया। जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि AI चुनौती के साथ-साथ एक बड़ा अवसर भी है। आधुनिक तकनीक के दौर में युवाओं को खुद को बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप तैयार करना होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में होने वाले नए शोधों से जुड़ने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक ने कई कठिन कार्यों को आसान बनाया है और आने वाले समय में इसका महत्व और बढ़ेगा।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात
छात्रा प्रभजोत ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त उत्तराखंड के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है, तो नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों पर जांच की जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की कार्यप्रणाली पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त होनी चाहिए।

नशे से दूर रहने का युवाओं से आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को नुकसान पहुंचाता है।
उन्होंने युवाओं से खुद नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने दोस्तों और साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
युवाओं को खुद पर विश्वास रखने की दी सलाह
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और प्लेटफॉर्म उपलब्ध करा सकती है, लेकिन इन अवसरों को सफलता में बदलने की जिम्मेदारी युवाओं की भी है।
उन्होंने युवाओं से खूब मेहनत करने, पढ़ाई पर ध्यान देने और सबसे बढ़कर खुद पर विश्वास रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेहनत और संकल्प के साथ युवा अपने सपनों को पूरा कर सकते हैं।
उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन यह संदेश देता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, सीखने और आगे बढ़ने की इच्छा इंसान को अपनी मंजिल तक पहुंचा सकती है।
युवा ही उत्तराखंड की विकास यात्रा के कर्णधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा में प्रदेश के युवा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवाओं की सोच, प्रतिभा और मेहनत से राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को नए अवसर देने और उनके रास्ते को आसान बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मेहनती और प्रतिभाशाली युवा उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों शौर्य, दक्ष, चंद्रा, प्रभजोत, खुशी, सिमरन, कात्यायनी, आरती, वैष्णवी और आद्रिका ने विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा की।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







Leave a Reply