मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा-2026 के शुभारंभ पर ऋषिकेश से बसों को हरी झंडी दिखाई। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया।

CM धामी ने ऋषिकेश से चारधाम जाने वाली बसों को दिखाई हरी झंडी, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी किया निरीक्षण
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री का संबोधन
देश भर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है।
उन्होंने कहा,
“सरकार का संकल्प है कि चारधाम यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। हर श्रद्धालु देवभूमि में बिताए गए पलों की स्वर्णिम स्मृतियाँ अपने साथ लेकर जाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्ग में विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है, इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ग्रीन चारधाम यात्रा का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य निर्धारित किया है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का आह्वान किया।

विकास कार्यों का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण हुआ है, जिससे यात्रा तेज और सुगम हो गई है।
- केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य गतिमान हैं।
- गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
- ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्गों को सुगम बनाया गया है।
- गौरीकुंड से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाओं का कार्य भी आगे बढ़ रहा है।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर श्री शंभू पासवान, अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट श्री नरेंद्रजीत बिंद्रा, श्री भास्करानंद भारद्वाज, श्री जितेंद्र नेगी, श्री अजय सिंह, श्री मनोज ध्यानी, श्री संजय शास्त्री, श्री भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार यात्रियों की सुविधा, सुगमता और स्वास्थ्य को लेकर पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने यात्रियों से एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि परिवहन विभाग लगातार यात्रा की तैयारी कर रहा है। इस वर्ष यात्रा मार्ग में सिंगल लेन सड़कों पर शटल सर्विस शुरू की गई है और हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराया जाएगा







Leave a Reply