देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वन क्लिक के जरिए यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई।

विभिन्न योजनाओं के तहत मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता योजना, मृत्यु उपरांत अनुदान योजना, प्रसूति सुविधा योजना तथा शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को आर्थिक सहायता प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
योजनाओं का हो व्यापक प्रचार-प्रसार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन तथा जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग किया जाए, जिससे केवल पात्र श्रमिकों को ही योजनाओं का लाभ मिल सके।
एक वर्ष में 93 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड श्री कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष श्रीमती गीता रावत, उपाध्यक्ष श्रीमती मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त श्री विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त श्री शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ श्री दुर्गा चमोली सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।







Leave a Reply