ऋषिकेश। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऋषिकेश नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। देहरादून रोड स्थित बालाजी बगीचे के बाहर नए इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और ऋषिकेश महापौर शंभू पासवान ने संयुक्त रूप से किया। इस पहल से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को मिलेगा लाभ
उद्घाटन के दौरान परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और महापौर शंभू पासवान ने कहा कि चार्जिंग स्टेशन की स्थापना से चारधाम यात्रा पर आने वाले इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को अपने वाहनों की चार्जिंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

नगर निगम ने 10 स्थान किए चिन्हित
नगर आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में कुल 10 स्थानों को इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्हित किया गया है। इसके लिए “कैशियो ड्राइव” कंपनी के साथ पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर समझौता किया गया है।
अनुबंध के तहत न्यूनतम 7 और अधिकतम 10 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में शहर के दो सबसे व्यस्त क्षेत्रों — देहरादून रोड स्थित बालाजी बगीचे के बाहर और एम्स ऋषिकेश के पास — चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिए गए हैं।

फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस होंगे स्टेशन
नगर निगम के अनुसार ये सभी चार्जिंग स्टेशन अत्याधुनिक फास्ट चार्जिंग तकनीक पर आधारित हैं। इनका उपयोग मुख्य रूप से दोपहिया और चौपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए किया जाएगा। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर बड़े वाहनों को भी यहां चार्ज किया जा सकेगा।
इलेक्ट्रिक वाहन चालकों की बड़ी चिंता होगी दूर
नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक दिल्ली और अन्य दूर-दराज के शहरों से ऋषिकेश और चारधाम यात्रा पर आने वाले पर्यटकों को अपने इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग को लेकर काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लेकिन नगर निगम की इस नई पहल से अब यात्रियों को बिना किसी परेशानी के यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शेष चिन्हित स्थानों पर भी तेजी से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में ऋषिकेश इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बेहतर सुविधा वाला शहर बन सकेगा।






Leave a Reply