नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड पर ढेला गांव के पास एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं से भरी कार
जानकारी के अनुसार, भवाली क्षेत्र के ढेला गांव से करीब 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार (वाहन संख्या UP 32 QU 1874) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल पांच श्रद्धालु सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में महिलाएं और बच्चा भी शामिल
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चे की मौत हुई है। सभी शवों को एसडीआरएफ, एसएसबी, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी के निर्देश पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल पुलिस बल को मौके पर रवाना किया। राहत एवं बचाव कार्य में एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम लगातार जुटी रही।
मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा समेत पुलिस और राहत दल के अधिकारी मौजूद रहे।

हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका वाहन के अनियंत्रित होने की जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम और मजबूत करने की मांग की है।







Leave a Reply