उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर नगर में वर्षों से बंद पड़े साप्ताहिक बाजार को दोबारा शुरू कराने की मांग अब तेज होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जिलाधिकारी को बाजार स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाने के बाद सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के इस कदम को सराहनीय बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

बरसों से सजता था जसपुर का साप्ताहिक बाजार
जसपुर नगर के मंडी चौक क्षेत्र में वर्षों से साप्ताहिक बाजार लगाया जाता था, जहां सैकड़ों सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। यह बाजार स्थानीय लोगों के लिए भी खरीदारी का प्रमुख केंद्र था। लेकिन कुछ वर्षों पहले बाजार को अतिक्रमण के नाम पर हटाए जाने के बाद सैकड़ों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2014 में मनोज अग्रवाल नामक व्यक्ति द्वारा बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने को लेकर नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। इस पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने 14 जून 2018 को नगर पालिका प्रशासन को बाजार से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बाजार को हटवा दिया।

500 से अधिक दुकानदार हुए प्रभावित
बाजार हटाए जाने के बाद करीब 500 सब्जी विक्रेताओं और छोटे दुकानदारों की दुकानें उजड़ गईं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि तब से बाजार परिसर वीरान पड़ा है और वहां अब रसूखदार लोगों के वाहन खड़े किए जाते हैं।
सब्जी विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि जिस स्थान से बाजार हटाया गया था, वहां आज भी लंबी-लंबी वाहनों की कतारें खड़ी रहती हैं, जो स्वयं अतिक्रमण की श्रेणी में आती हैं। बावजूद इसके प्रशासन इस ओर कोई कार्रवाई नहीं करता।
मुख्यमंत्री के आदेश से जगी नई उम्मीद
हाल ही में भाजपा नेता शीतल जोशी द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर जसपुर में साप्ताहिक बाजार को दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को बाजार स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय के बाद सब्जी विक्रेताओं में नई उम्मीद जगी है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यदि बाजार दोबारा शुरू होता है तो सैकड़ों गरीब परिवारों को राहत मिलेगी।
भाजपा नेता शीतल जोशी का भी जताया आभार
सब्जी विक्रेताओं ने भाजपा नेता शीतल जोशी का भी आभार व्यक्त किया। विक्रेताओं का कहना है कि उन्होंने मुख्यमंत्री तक उनकी आवाज पहुंचाई, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हुई।
भाजपा कार्यकर्ता दीपक कुमार राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं और गरीब व्यापारियों के हित में निर्णय लेते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बाजार को दोबारा व्यवस्थित तरीके से शुरू किया जाएगा।
विक्रेताओं ने सुनाई अपनी पीड़ा
स्थानीय दुकानदार प्रेम प्रकाश अग्रवाल और सब्जी विक्रेता संतोष कुमार प्रजापति ने बताया कि बाजार बंद होने के बाद कई परिवार आर्थिक संकट में आ गए। उनका कहना है कि बरसों से चल रहे बाजार को हटाने से छोटे व्यापारियों की आजीविका प्रभावित हुई है।
वहीं स्थानीय निवासी मनोज तोमर और राजू फड़ ने भी प्रशासन से बाजार को पुनः शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां धार्मिक आयोजन जैसे रामलीला और मोहर्रम भी आयोजित होते हैं, इसलिए बाजार को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा सकता है।
प्रशासनिक रिपोर्ट के बाद होगा फैसला
अब सभी की निगाहें जिलाधिकारी की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। यदि रिपोर्ट सकारात्मक आती है तो जसपुर का ऐतिहासिक साप्ताहिक बाजार एक बार फिर से सज सकता है, जिससे सैकड़ों परिवारों को रोजगार और आम जनता को सुविधा मिल सकेगी।






Leave a Reply