उत्तराखंड के चंपावत जिले में नाबालिग बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर पूरे प्रदेश में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मुख्य चौक पर उमड़ा आक्रोश
खटीमा के मुख्य चौक पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान “बेटियां सुरक्षित करो”, “दोषियों को फांसी दो” और “भाजपा सरकार जवाब दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराधियों पर लगाम लगाने में असफल साबित हो रही है।

कांग्रेस ने सरकार पर बोला हमला
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बॉबी राठौर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चंपावत जैसी दर्दनाक घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र के आसपास इस प्रकार की वारदात होना बेहद शर्मनाक है।
उन्होंने कहा,
“प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है। सरकार ‘बेटी बचाओ’ के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। आखिर प्रदेश की बेटियां कब सुरक्षित महसूस करेंगी? हम पीड़िता को न्याय और दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग करते हैं।”
महिला कांग्रेस ने भी जताया रोष
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। उन्होंने सरकार से महिला सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसोनी ने भी भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल बयानबाजी नहीं बल्कि जमीन पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

दोषियों को सख्त सजा देने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि चंपावत कांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कई कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश राठौर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, सतपाल राणा, पूर्व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र आर्य, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कन्याल, नासिर खान, जरीफ, सुरेंद्र सिंह, रामोतार, मनोज कोहली, सुरेंद्र राणा, मो. ताहिर, गुफरान, इमरान खान, अनिरुद्ध समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






Leave a Reply