मुख्यमंत्री ने गौचर और गैरसैंण की पेयजल योजनाओं का किया लोकार्पण, 32.45 करोड़ और 4.59 करोड़ रुपये की योजनाओं से सुधरेगी पेयजल व्यवस्था
30 से अधिक वर्षों की परंपरा को समेटे गौचर मेला उत्तराखंड की व्यापारिक विरासत और लोक संस्कृति का प्रतीक : मुख्यमंत्री
चमोली। उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा और स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। यह मेला वर्षों से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी शुरुआत
मुख्यमंत्री ने गौचर मेले के इतिहास को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से इसकी शुरुआत भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और अन्य स्थानीय उत्पादों का कारोबार होता था। समय के साथ इस मेले का स्वरूप विस्तृत होता गया और आज यह औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का एक बड़ा मंच बन चुका है।
उन्होंने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ समाज को जोड़ने का काम करते हैं। इन परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जनपद अपनी प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है। यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्व प्रसिद्ध चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की धरती ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं।
उन्होंने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद, दालों और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों और मातृशक्ति की मेहनत का परिणाम है।

युवाओं को गांवों में ही रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें मजबूरी में पलायन न करना पड़े। इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से भी रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काम हो रहा है। इन क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सिमली अस्पताल के समाधान के लिए जल्द बनेगी कमेटी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमेटी सभी संबंधित पक्षों को सुनकर इस विषय पर विचार करेगी।
इसके साथ ही प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का आग्रह किया और इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार क्षेत्र की जनभावनाओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौचर और गैरसैंण को मिली करोड़ों की पेयजल योजनाओं की सौगात
गौचर मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौचर नगरीय पेयजल योजना शामिल है।
वहीं, मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गैरसैंण विकासखंड में 459.32 लाख रुपये यानी लगभग 4.59 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन दोनों योजनाओं से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय लोगों को राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। चारधाम सड़क परियोजना के तहत बद्रीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके अलावा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।

दो प्रतिभाओं को मिला प्रतिष्ठित सम्मान
समारोह में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया।
वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए विकास के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को भी सुरक्षित रखा जाएगा।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।







Leave a Reply