विकासनगर। संवाददाता अनिल दुबे। ग्राम बैरागीवाला में श्रमिकों, किसानों और गरीब परिवारों की सहायता के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने पहुंचकर श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न प्रकार की किट वितरित कीं।

स्कूली बच्चों को मिला पढ़ाई का जरूरी सामान
कैंप में श्रमिक एवं गरीब परिवारों के स्कूली बच्चों को शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कक्षा 1 से 12वीं तक पढ़ने वाले बच्चों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, लंच बॉक्स, पेन, पेंसिल सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया।
इस पहल से श्रमिक परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने से उनके अभिभावकों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा।
श्रमिक परिवारों की महिलाओं को भी मिली किट
कार्यक्रम के दौरान श्रमिक परिवारों की महिलाओं को घरेलू उपयोग में आने वाली सामग्री की किट भी वितरित की गई। इसके अलावा गरीब और जरूरतमंद श्रमिक परिवारों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार उपयोगी सामान उपलब्ध कराया गया।

विधायक ने कहा- जरूरतमंदों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के तहत सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।

ग्राम प्रधान ने कैंप आयोजन की सराहना की
ग्राम प्रधान बैरागीवाला ने कैंप के आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से गांव के गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों को सीधे लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि पहले कई बार जरूरतमंद लोगों के लिए आने वाली सामग्री पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाती थी, लेकिन अब इस दिशा में बेहतर काम किया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी गांव में इसी तरह के कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके।






Leave a Reply