मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के ग्राम मितई में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि पति द्वारा साथ रखने से इनकार किए जाने से आहत महिला ने यह कदम उठाया। खबर लिखे जाने तक महिला करीब चार घंटे से टावर पर बैठी हुई थी, जबकि पुलिस और ग्रामीण उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे।

एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ी महिला की पहचान अंजली साहनी के रूप में हुई है, जो रोहनिया थाना क्षेत्र के मुंडा गांव की रहने वाली है। करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी कछवां थाना क्षेत्र के तुलापुर निवासी अजीत साहनी से हुई थी। अजीत रोज़गार के सिलसिले में दुबई में रहता है।

फोन पर पति ने साथ रखने से किया इनकार
परिजनों के मुताबिक पिछले कई दिनों से अजीत अपनी पत्नी से बातचीत नहीं कर रहा था। जब अंजली ने कई बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश की, तो पति ने कथित तौर पर कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहेगा और उसे अपने मायके लौट जाने के लिए कहा। इसी बात से आहत होकर अंजली गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने का प्रयास जारी
महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना पर कछवां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र टावर के आसपास घेराबंदी कर दी। पुलिस और परिजन लगातार महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
गांव में बना रहा तनाव का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकता महिला को सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी और पारिवारिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply