देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग के विभिन्न पदों पर की गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन युवाओं के वर्षों के परिश्रम, संघर्ष और समर्पण का स्वर्णिम क्षण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बीते साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है।

युवाओं की मुस्कान सरकार की सफलता का प्रमाण : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं और सरकार उन्हें रोजगार, स्वरोजगार तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए नई संभावनाएं तैयार हुई हैं। राज्य की नई स्टार्टअप नीति युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा दे रही है, जबकि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
रिकॉर्ड समय में पूरी हो रही हैं भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब युवाओं के सपनों और उनके माता-पिता के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन आज रिकॉर्ड समय में भर्ती प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पहले युवाओं को निराशा मिलती थी, जबकि आज सरकार उनके हाथों में नियुक्ति पत्र सौंप रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और आगे भी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते रहेंगे।

नकल माफियाओं पर सरकार की बड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है। उत्तराखंड में देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानूनों में से एक लागू किया गया है, जिससे युवाओं का भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि युवाओं को समय पर रोजगार के अवसर मिल सकें।
राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के मंत्र को अपना कार्य सिद्धांत बनाएं। उन्होंने कहा कि ये युवा केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास के सहभागी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इस महायज्ञ में प्रत्येक युवा की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कही यह बात
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड में अब प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हजारों युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है।
उन्होंने बताया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत 173 अनुदेशक, 4 वैयक्तिक सहायक तथा पशुपालन विभाग में चयनित 9 वैयक्तिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

शहरी विकास विभाग में भी मिली नियुक्तियां
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में बिना किसी सिफारिश के योग्य युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में शहरी विकास विभाग में 215 लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शहरी विकास विभाग के 35 सहायक लेखाकारों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। आज प्रदेश का युवा मुख्यमंत्री धामी की पारदर्शी कार्यशैली पर भरोसा करता है।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a Reply