बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल तरीके से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बरेली एसपी सिटी मानुष पारिक ने व्यापक ब्रीफिंग कर स्पष्ट कर दिया कि परीक्षा की सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं होगी।

PET परीक्षा 2025:
एसपी सिटी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, विभागीय समन्वय और आपातकालीन तैयारियों पर पूरी सख्ती के साथ अमल किया जाए। हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल होगा ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

केंद्रों के आसपास जाम या अफरातफरी की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की जाएगी। पुलिस, प्रशासन और अन्य विभागों के बीच समन्वय पर खास जोर दिया गया है, ताकि परीक्षा के दौरान हर स्तर पर शांति और अनुशासन कायम रहे। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए डायल-112 और स्थानीय थाने की टीमों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी सिटी मानुस पारिक ने साफ कहा कि सभी अधिकारी और पुलिसकर्मी समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचे, परीक्षार्थियों की तलाशी की कार्यवाही सतर्कता से करें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। संक्षेप में कहें तो PET परीक्षा 2025 की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर बरेली पुलिस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब देखना होगा कि प्रशासन की यह सख्त तैयारियां जमीनी स्तर पर किस तरह परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारु बनाती हैं।








Leave a Reply