लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र का सोमवार को आगाज हुआ। सत्र के पहले ही दिन कफ सिरप कांड को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाज़ी देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में अब तक जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनके संबंध सपा से जुड़े पाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने शेरो-शायरी के अंदाज़ में विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “उम्र भर यही गलती बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी, आइना साफ करता रहा।” उन्होंने कहा कि यदि यह मामला विधान परिषद में उठता है तो सरकार हर सवाल का जवाब देने को तैयार है।
इस बीच सदन की कार्यवाही की शुरुआत घोसी से विधायक रहे सुधाकर सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव के साथ हुई। शोक प्रस्ताव पारित होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही सोमवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई, जबकि विधान परिषद की कार्यवाही जारी रही।

चोर की दाढ़ी में तिनका
उधर, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी सपा पर हमला बोला। वह एक तस्वीर लेकर विधानसभा पहुंचे, जिसमें अखिलेश यादव के साथ कोडीन सिरप मामले में आरोपी बताए जा रहे एसटीएफ के सिपाही आलोक सिंह और अन्य लोग नजर आ रहे हैं। ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि तस्वीर में दिख रहे कुछ लोग कफ सिरप कांड में फरार हैं। उन्होंने कहा, “गांव की कहावत है—चोर की दाढ़ी में तिनका। सपाई अपनी ही दाढ़ी सहलाकर बता रहे हैं कि कुछ फंसा है।” इस तरह सत्र के पहले दिन ही कफ सिरप मामले ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और तीखी बहस के आसार हैं।

अखिलेश ने किया पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने भी शायरी के जरिए सरकार को घेरा और कहा, “जब खुद फंस जाओ तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ, ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।” अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।








Leave a Reply