मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर विधानसभा क्षेत्रों की CM घोषणाओं की समीक्षा की। PMGSY सड़कों के रखरखाव के लिए समन्वय समिति गठित करने, लंबित घोषणाओं पर 20 दिनों में शासनादेश जारी करने और चारधाम यात्रा से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

CM धामी ने 4 विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की समीक्षा की, PMGSY सड़कों के रखरखाव के लिए समन्वय समिति गठित करने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट एवं बागेश्वर से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर अभी तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उनके संबंध में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित घोषणाओं पर अधिकतम 20 दिनों के भीतर शासनादेश जारी कर दिए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो।

मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री के अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत निर्मित सड़कों के रख-रखाव के लिए संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित की जाए।
- समिति द्वारा सड़कों के मेंटेनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।
- बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी सड़कों के पैच वर्क का कार्य वर्षाकाल से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।
- वन भूमि स्थानांतरण से जुड़े मामलों की जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए और प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाए।
- खेल अवसंरचना के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। जहां खेल मैदानों के लिए भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी की जाए।
- कनालीछीना से पिपली बगड़िगांव तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण की कार्यवाही में तेजी लाई जाए।
- बागेश्वर जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से जन समस्याओं का समाधान करें।

बैठक में उपस्थित
बैठक में विधायक डीडीहाट श्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक कपकोट श्री सुरेश गड़िया, विधायक बागेश्वर श्रीमती पार्वती दास, वर्चुअल माध्यम से विधायक गंगोलीहाट श्री फकीर राम, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, सचिव श्री शैलेश बगौली तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं कमिश्नर श्री दीपक रावत, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ श्री आशीष भटगांई और जिलाधिकारी बागेश्वर श्रीमती आकांक्षा कोण्डे भी जुड़े।







Leave a Reply