प्रयागराज। महाकुंभ 2025 में अपनी सादगी और खूबसूरती से चर्चा में आईं मोनालिसा इन दिनों लगातार विवादों में घिरी हुई हैं। मुस्लिम युवक फरमान खान से शादी के बाद अब उनकी निजी जिंदगी सुर्खियों से बाहर नहीं हो पा रही है।
मंगलवार को मोनालिसा और उनके पति फरमान खान ने प्रयागराज में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें दोनों भावुक नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा ने फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर यौन शोषण और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए, जिससे पूरा मामला और संवेदनशील हो गया।

मोनालिसा का रोते हुए लगाया आरोप
मोनालिसा ने पत्रकारों से कहा कि डायरेक्टर सनोज मिश्रा उनके परिवार को पैसों का लालच देकर उनके खिलाफ भड़का रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मिश्रा ने उनकी फिल्म की फीस नहीं दी और अब उन पर 50 हजार रुपये लौटाने का बकाया भी मांग रहे हैं। मोनालिसा ने यह भी दावा किया कि सनोज मिश्रा ने उनके साथ यौन शोषण करने की कोशिश की थी।
फरमान खान का खुलासा
फरमान खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सिर्फ मुस्लिम नाम होने के कारण उन्हें ‘आतंकवादी’ और ‘लव-जिहाद’ जैसे आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खुद को एक छोटा कलाकार बताते हुए कहा,
“मेरे गांव के लोग जानते हैं कि मैं आर्य समाज से जुड़ा रहा हूं। मैं पूजा-पाठ और योग करता आया हूं। हमारे रिश्ते को राजनीति का मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है, जो बिल्कुल गलत है।”
फरमान ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई धर्म परिवर्तन नहीं किया है और दोनों पति-पत्नी सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

सुरक्षा की मांग
मोनालिसा ने रोते हुए दिल्ली, मध्य प्रदेश और केरल सरकार से अपनी और पति फरमान खान की सुरक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से दोनों को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और समाज में उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
‘लव-जिहाद’ विवाद
महाकुंभ के बाद मोनालिसा और फरमान खान की शादी को लेकर ‘लव-जिहाद’ के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस विवाद ने दोनों की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित किया है। मोनालिसा और फरमान ने अपील की कि उनके निजी रिश्ते को राजनीतिक रंग न दिया जाए।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मोनालिसा-फरमान विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर अब सनसनी फैल गई है।







Leave a Reply