लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला सुरक्षा को लेकर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई बेटियों से छेड़खानी करेगा तो उसे अगले चौराहे पर “यमलोक का टिकट” मिल जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी कीमत पर उनकी सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

दंगाइयों के आगे सरकार नहीं झुकेगी
मुख्यमंत्री योगी ने बुधवार को स्पष्ट किया कि यह सरकार दंगाइयों के आगे झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति दंगा फैलाने या त्यौहार के माहौल में अशांति पैदा करने की कोशिश करेगा, तो उसे सीधे जेल भेजा जाएगा। योगी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज सर्वोपरि है और किसी को भी शांति और सौहार्द बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

1.86 करोड़ लाभार्थियों को दी धनराशि
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत बड़ी सौगात भी दी। उन्होंने प्रदेश के 1.86 करोड़ लाभार्थियों को 1500 करोड़ रुपये की धनराशि गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के रूप में वितरित की। योगी ने कहा कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक राहत देने और परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।

हर गरीब तक लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उज्ज्वला योजना ने गरीब परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। अब ग्रामीण इलाकों की महिलाएं धुएं से मुक्त होकर सुरक्षित वातावरण में खाना बना पा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और महिलाओं को सशक्त बनाना है। योगी आदित्यनाथ ने अंत में कहा कि प्रदेश में विकास, सुरक्षा और सुशासन ही उनकी सरकार की प्राथमिकता है, और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा।








Leave a Reply