
सहारनपुर में गूगल मैप ने कार को तालाब में उतारा
सहारनपुर में गूगल मैप ने कार को तालाब में उतारा
मेरठ यूनिवर्सिटी के छात्रों ने शीशे उतारकर बचाई जान, ग्रामीणों और पुलिस ने निकाली कार
सहारनपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसमें गूगल मैप के सहारे चल रही कार रास्ता भटककर तालाब में जा गिरी। कार में सवार मेरठ यूनिवर्सिटी के चार छात्रों ने समय रहते शीशे खोलकर कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

मंदिर जाने निकले थे छात्र
मेरठ यूनिवर्सिटी के छात्र नेता सूर्या ने बताया कि वह अपने तीन दोस्तों आदित्य, वरुण और अंशुल के साथ कार से अंबाला के कस्बा शाहबाद स्थित महर्षि मारकंडेश्वर मंदिर जा रहे थे। सफर के दौरान जब वे सरसावा पहुंचे तो वहां उन्होंने मंदिर की लोकेशन गूगल मैप पर लगाई।
सिरोही पैलेस के पास से मोड़ दिया रास्ता
सूर्या ने बताया कि गूगल मैप ने उन्हें सिरोही पैलेस के बराबर वाले रास्ते से मोड़ दिया। थोड़ी दूर तक जाने के बाद कार चला रहे आदित्य को यह अंदाजा नहीं हुआ कि सामने तालाब है और कार सीधे पानी में जा गिरी।

अचानक हुए हादसे से छात्र घबरा गए, लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने तुरंत कार के शीशे नीचे उतारे और तालाब में ही कूदकर बाहर निकल आए। इसके बाद छात्रों ने तुरंत 112 पर पुलिस को कॉल किया।
ग्रामीणों और पुलिस ने निकाली कार
सूचना पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने किसी तरह कार को तालाब से बाहर निकलवाया। चारों छात्रों ने पुलिस को बताया कि गूगल मैप की गलत गाइडेंस के चलते यह हादसा हुआ







Leave a Reply