बरेली। सपा बसपा सरकार में जहां मौलाना तौकीर रजा और नफीस की तूती बोलती थी, उनके बारात घर पर बुलडोजर चल गया। जुमा की नमाज के बाद आई लव मोहम्मद के जुलूस को लेकर हुई हिंसा के मास्टर माइंड बताए गए इंडियन इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के नजदीकी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नफीस पर बुलडोजर कार्रवाई कर दी गई। शनिवार को नफीस के बारात घर को बीडीए के अधिकारियों ने जमींदोज कर दिया। बारात घर की कीमत करीब पांच करोड़ बताई जा रही है। इस दौरान आरएएफ और पीएसी के करीब एक हजार जवान मौके पर मौजूद रहे।

हिंसा में 125 नामजदों के खिलाफ हुआ था मुकदमा
बरेली में हिंसा के बाद ही पुलिस ने तौकीर रजा के साथ नफीस और उसके बेटे समेत 125 नामजद और हजारों अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा कायम कराया था। पुलिस गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है। उसके बाद सैलानी मार्केट स्थित नफीस के रजा पैलेस बारात घर जो कि अवैध बना हुआ था, उस पर एक्शन लिया गया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, वहीं पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
बीते साल दिया था नोटिस
बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मणिकंदन ने बताया कि नफीस के रजा पैलेस को 2024 में नोटिस जारी किया गया था। लेकिन नफीस ने अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया। अब जाकर उस पर बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बरेली हिंसा से नफीस के बारात घर पर चले बुलडोजर का कोई कनेक्शन नहीं हैं।
200 दुकानों को भी ढहाया गया है
नफीस के बारात घर पर बुलडोजर चलने से पहले सैलानी क्षेत्र में ही अवैध रूप से बनाई गई करीब 200 दुकानों को भी ढहा दिया गया। इस दौरान दुकानदारों ने विरोध किया और अफसरों से नोंकझोंक भी हुई। लेकिन भारी पुलिस बल के चलते अधिकारी अतिक्रमण ढहाने में कामयाब रहे।









Leave a Reply