सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने थाना मंडी क्षेत्र की खाता खेड़ी चौकी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार खाता खेड़ी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार के खिलाफ एक पीड़ित व्यक्ति ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि वह एक मामले में कार्रवाई करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की और आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई।
सुनियोजित तरीके से लगाया गया ट्रैप
एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को 15 हजार रुपये देकर आरोपी पुलिसकर्मी के पास भेजा। जैसे ही हेड कांस्टेबल विनोद कुमार ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। और अब आगे की क़ानूनी करवाई करने के लिए हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को अपने साथ ले गई है

रंगे हाथ पकड़कर साथ ले गई टीम
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

दरोगा पर भी लगे आरोप
वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि चौकी में तैनात एक दरोगा भी इस मामले में शामिल हो सकता है। हालांकि इस संबंध में एंटी करप्शन टीम द्वारा फिलहाल जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply