उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर जिले में घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर जनता में भारी रोष है। JN न्यूज़ की टीम ने आज जिले के विभिन्न इलाकों का दौरा किया, जहां लोगों ने बताया कि वे 10-15 दिनों से सिलेंडर बुक करवाए बैठे हैं, लेकिन डिलीवरी नहीं हो रही। कई जगहों पर एजेंसियों द्वारा फर्जी डिलीवरी दिखाकर जनता के साथ धोखाधड़ी के आरोप भी लगे हैं।
बहादुरगंज एजेंसी में फर्जी डिलीवरी का मामला
शाहजहाँपुर शहर के बहादुरगंज इलाके में इंडेन कंपनी की एक गैस एजेंसी पर JN न्यूज़ टीम ने लोगों से बात की। एक स्थानीय निवासी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया:
“मैंने अपना सिलेंडर 26 फरवरी को ऑनलाइन बुक किया था। आज तक सिलेंडर नहीं आया। जब मैं एजेंसी पर गया तो वहाँ के कर्मचारी ने कहा कि आपका सिलेंडर 11 मार्च को ही डिलीवर कर दिया गया है। मैंने कहा कि मुझे सिलेंडर मिला ही नहीं, तो उन्होंने कहा कि हमारा रिकॉर्ड सही है। यह साफ धोखाधड़ी है।”
इस मामले में कई अन्य ग्राहकों ने भी यही शिकायत की कि उनकी बुकिंग दिखाई जा रही है, लेकिन सिलेंडर उनके घर नहीं पहुँचा। JN न्यूज़ ने एजेंसी मालिक से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जवाब देने से इनकार कर दिया।

जलालाबाद तहसील में भी भीड़ और हंगामा
शाहजहाँपुर की तहसील जलालाबाद में भी गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी नजर आईं। ग्रामीण इलाकों से आए लोग बताते हैं कि 10-12 दिनों से सिलेंडर नहीं मिल रहा। एक महिला ने कहा:
“हमारे घर में चूल्हा जल नहीं रहा। बच्चे भूखे हैं। एजेंसी वाले कहते हैं स्टॉक नहीं है, लेकिन हमने देखा कि कुछ लोगों को सिलेंडर मिल रहे हैं। गरीबों के साथ भेदभाव हो रहा है।”
जलालाबाद की एक प्रमुख एजेंसी के मालिक से जब JN न्यूज़ ने सवाल किया तो उन्होंने जवाब देने से बचते हुए कहा कि “हमारे पास स्टॉक सीमित है, कंपनी से आने में देरी हो रही है।”

जनता की मुख्य शिकायतें
- बुकिंग के 10-15 दिन बाद भी डिलीवरी नहीं।
- फर्जी डिलीवरी दिखाकर रिकॉर्ड में नाम डालना।
- एजेंसियों पर ब्लैक मार्केटिंग और VIP लोगों को प्राथमिकता देने के आरोप।
- ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम फेल होना।
JN न्यूज़ की अपील
JN न्यूज़ ने शाहजहाँपुर के जिला आपूर्ति अधिकारी और डीएम से इस मामले की शिकायत की है। हमने मांग की है कि:
- सभी एजेंसियों की तत्काल जांच हो।
- फर्जी डिलीवरी के मामलों में FIR दर्ज की जाए।
- घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
अगर आपके इलाके में भी गैस सिलेंडर की समस्या है या आपने फर्जी डिलीवरी का मामला देखा है, तो JN न्यूज़ से संपर्क करें। हम आपकी आवाज सरकार तक पहुँचाएंगे।






Leave a Reply