सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र के पटनी गांव में शादी के 18 दिन बाद दुल्हन घर छोड़कर गायब हो गई। परिवार के मुताबिक, वह अपने साथ घर में रखे सोने-चांदी के गहने और लगभग 60 हजार रुपये नगद भी ले गई। दुल्हन कोलकाता की रहने वाली बताई जा रही है और उसने शादी कराने के बदले 60 हजार रुपये लिए थे। दूल्हे का परिवार दो दिन तक उसकी वापसी का इंतजार करता रहा, लेकिन वह नहीं लौटी। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। सभी लोग मजदूरी और जरूरी काम से बाहर गए हुए थे। शादी एक स्थानीय बिचौलिए सिटू ने तय कराई थी, जिसने कोलकाता जाकर यह रिश्ता पक्का किया था।
लुटेरी दुल्हन का पूरा मामला
पटनी गांव के पवन सैनी के बेटे गौरव सैनी की शादी 26 अक्टूबर को मुगली खातून उर्फ पूजा से कराई गई थी, जो कोलकाता के दीवानपुर की रहने वाली है। शादी कराने का जिम्मा गांव में ही रहने वाले सिटू और उसके सास-ससुर ने लिया था। आरोप है कि शादी कराने के बदले सिटू ने 60 हजार रुपये भी लिए थे और गौरव को अपने साथ कोलकाता ले जाकर वहीं यह रिश्ता कराया। गौरव के मुताबिक, 12 नवंबर को वह किसी काम से चिलकाना गया था और उसके माता-पिता मजदूरी पर थे। घर में उस समय पूजा अकेली थी। तभी उसने मौके का फायदा उठाकर घर से भागने की योजना को अंजाम दिया।

गौरव सैनी ने पुलिस को बताया कि घर लौटने पर दरवाजा खुला मिला और आवाज देने पर पत्नी पूजा का कोई जवाब नहीं आया। भीतर जाकर देखा तो कमरा अस्त-व्यस्त था। अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखे जेवर तथा 60 हजार रुपये गायब थे। उसने तुरंत आस-पड़ोस और पूरे गांव में तलाश की, लेकिन दुल्हन कहीं नहीं मिली। थोड़ी देर बाद माता-पिता भी घर पहुंचे और शिकायत सुनकर उन्होंने भी खोजबीन शुरू की। ग्रामीणों को जब मामले का पता चला तो वे भी इकट्ठा हो गए। इसके बाद परिजनों ने बिचौलिए सिटू और उसके साले मोनू को पकड़कर पूछताछ की।
पीड़ित परिवार के अनुसार
पीड़ित परिवार के अनुसार, सिटू और उसके साले मोनू दुल्हन के बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दे सके और दोनों हक्का-बक्का रह गए। बाद में उन्होंने दुल्हन को वापस लाने का भरोसा दिया। सिटू ने दुल्हन के मायके में फोन भी किया, लेकिन वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद गौरव के परिवार ने चिलकाना थाने में शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी मौजूदा जानकारी के आधार पर दुल्हन, बिचौलिए और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की छानबीन कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि, थाना चिलकाना क्षेत्र के रहने वाले गौरव सैनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी शादी के 18 दिन बाद घर से सोने चांदी के जेवरात लेकर चली गई है, गौरव सैनी के मोहल्ले के रहने वाले एक बिजोलिया ने ₹60000 लेकर उनकी शादी कोलकाता की एक लड़की से कराई थी, तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।








Leave a Reply