शांति भंग केआरोप में विजय हिंदुस्तानी को पुलिस ने लिया हिरासत में
लखनऊ। सहारनपुर में सांसद इमरान मसूद के आवास पर गुरुवार को हंगामा हो गया। दरअसल, शामली जनपद निवासी विजय हिंदुस्तानी, जो खुद को शहीद भगत सिंह का अनुयायी और प्रेमी बताते हैं, इमरान मसूद के हालिया बयान से नाराज़ होकर उनके आवास पर पहुंच गए और जंजीरें डालकर तथा हाथों में तिरंगा लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
विजय हिंदुस्तानी का आरोप….
विजय हिंदुस्तानी का आरोप है कि सांसद इमरान मसूद ने शहीद भगत सिंह की तुलना आतंकवादी संगठन हमास से की है, जो देश और शहीदों का अपमान है। उनका कहना है कि भगत सिंह ने अपनी मातृभूमि के लिए प्राणों की आहुति दी, और ऐसे क्रांतिकारी की तुलना किसी आतंकी संगठन से करना पूरे देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। विजय हिंदुस्तानी ने मांग की कि इमरान मसूद को इस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा देश का युवा आक्रोशित रहेगा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद आवास पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विजय हिंदुस्तानी को शांतिभंग की आशंका में हिरासत में लिया है
सांसद ने किए आरोप खारिज
वहीं, सांसद इमरान मसूद ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनके बयान को मीडिया ने तोड़-मरोड़कर पेश किया है। इमरान मसूद ने कहा कि उन्होंने शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के बलिदान को सलाम किया था, और वह ऐसे व्यक्ति के लिए माफी शब्द को बहुत छोटा मानते हैं। उनका कहना है कि— “पहले भगत सिंह को पढ़ें, समझें, तभी उनके बारे में बात करें। भगत सिंह बनने के लिए नाटक नहीं, उनकी विचारधारा अपनानी पड़ती है।”
इमरान मसूद ने यह भी कहा कि उन्होंने किसी भी मंच पर भगत सिंह की तुलना किसी आतंकी संगठन से नहीं की, बल्कि उन्होंने फिलिस्तीन विवाद को लेकर भारत की नीति और मानवीय दृष्टिकोण की बात की थी।









Leave a Reply