,

मुख्यमंत्री ने टनकपुर को दी 36.30 करोड़ की विकास सौगात

मुख्यमंत्री ने टनकपुर को दी 36.30 करोड़ की विकास सौगात

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को क्रीड़ा स्थल छीनीगोठ, टनकपुर में आयोजित “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव” कार्यक्रम के दौरान टनकपुर में नवनिर्मित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय भवन सहित कुल 15 महत्त्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्हों ने टनकपुर में 3630.89 लाख (लगभग 36.30 करोड़) की योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं का उद्देश्य शिक्षा, पेयजल, कानून व्यवस्था, पर्यटन और कल्याण जैसे क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मज़बूत करना और जनता को सुगम सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर को दी 36.30 करोड़ की विकास सौगात

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय भवन का लोकार्पण

पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, चंपावत द्वारा बनाए गए इस भवन को 45 लाख की लागत से बने बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “यह कैंप कार्यालय केवल एक प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान केंद्र बनेगा। इससे स्थानीय जनता और प्रशासन के बीच संवाद और समन्वय और अधिक सुदृढ़ होगा।

कई परियोजनाओं को जनता को सौंपा

इसके साथ साथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय फागपुर एवं जूनियर हाई स्कूल फागपुर को स्मार्ट कक्षाओं में परिवर्तित कर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय भजनपुर के भवन का पुनर्निर्माण हुआ है। डेविड पेंटर स्कूल, गुदमी में दो कक्षा-कक्षों का निर्माण भी कराया गया है। भैंसियाखाल पंपिंग पेयजल योजना और बिचाई पंपिंग पेयजल योजना को भी पूरा किया है।

इसके अलावा कोतवाली टनकपुर परिसर में सिटी कंट्रोल रूम की स्थापना एवं यातायात व्यवस्था के सुधार हेतु उपकरण व सामग्री की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। इसी तरह पर्यटक आवास गृह, टनकपुर के अवशेष कक्ष एवं हॉल का उच्चीकरण, एनएचपीसी बनबसा द्वारा टनकपुर पावर स्टेशन मुख्य गेट से पाटनी तिराहा, बनबसा तक सड़क की मरम्मत कार्य का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही 2692.56 लाख की लागत से 6 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर को दी 36.30 करोड़ की विकास सौगात

महिलाओं को दिए पांच ई-रिक्शा

मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान रीप परियोजना के अंतर्गत प्रेरणा स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को पांच ई-रिक्शा की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने स्वयं महिला समूह की प्रतिनिधियों को ई-रिक्शा की ‘खुशियों की चाबियाँ’ सौंपते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं की आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि “यह ई-रिक्शा केवल एक वाहन नहीं, बल्कि महिलाओं की आत्मनिर्भरता और गरिमा की नई पहचान है। इसके माध्यम से महिलाएं न केवल बेहतर आय अर्जित करेंगी, बल्कि सार्वजनिक परिवहन जैसे पारंपरिक रूप से पुरुष-प्रधान क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएंगी।”

महिलाओं की जाएगी ट्रेनिंग

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं को ‘सहायता प्राप्तकर्ता’ नहीं, बल्कि ‘सशक्त उद्यमी’ के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को सामूहिक रूप से इस प्रकार के उद्यम स्थापित करने के लिए हर संभव वित्तीय, तकनीकी और प्रशिक्षण सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भरता के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित कर सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस प्रकार के प्रयास न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे, बल्कि “नारी शक्ति को नये अवसरों और सम्मान से जोड़ने का माध्यम बनेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Author

https://m7.media9news.com/media9/hls/jnnews.m3u8