चमोली (उत्तराखंड)। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी शुक्रवार को उत्तराखंड के चमोली जिले स्थित बद्रीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान विष्णु के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। बद्रीनाथ धाम में उन्होंने परिवार सहित विधि-विधान से पूजा संपन्न की और देश-प्रदेश की समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

सबसे पवित्र तीर्थ स्थल है
बद्रीनाथ धाम, भगवान विष्णु के 108 दिव्य देशांतरों में से एक है और वैष्णव परंपरा के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में गिना जाता है। इसे ‘बदरी विशाल’ के नाम से भी जाना जाता है। बद्रीनाथ मंदिर के अलावा यहां स्थित योग ध्यान बद्री, भविष्य बद्री, आदि बद्री और वृद्ध बद्री मिलकर पंच बद्री के रूप में प्रसिद्ध हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

आदि शंकराचार्य ने की थी पुर्नस्थापना
हिंदू परंपरा के अनुसार, बद्रीनाथ धाम की पुनर्स्थापना आदि शंकराचार्य ने की थी, जिन्होंने आठवीं शताब्दी में इस पवित्र स्थान को पुनर्जीवित किया था। माना जाता है कि उन्होंने यहां भगवान विष्णु की उपासना के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित किया और राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधने का प्रयास किया।

कड़े रहे सुरक्षा प्रबंधन
बद्रीनाथ धाम में मुकेश अंबानी के आगमन के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन और बद्री-केदार मंदिर समिति के अधिकारियों ने उनके स्वागत की व्यवस्था की। पूजा के बाद अंबानी ने मंदिर के पुजारियों से भी भेंट की और क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं की सराहना की। गौरतलब है कि अंबानी परिवार हर वर्ष हिमालय के पवित्र धामों — विशेषकर बद्रीनाथ और केदारनाथ के दर्शन करने पहुंचता है।








Leave a Reply