बरेली जिले की फरीदपुर तहसील में शुक्रबार को वारावफात का जुलूस शांति-व्यवस्था के बीच निकाला जा रहा था। कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जुलूस जब साहूकारा स्थित राधा कृष्ण मंदिर के सामने पहुंचा, तभी अचानक माहौल में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, जुलूस में शामिल कुछ युवकों ने मंदिर के सामने खड़े होकर “नारा-ए-तकबीर” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाला गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद कस्बे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। लोग इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देखने लगे। घटना ने स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी चुनौती दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए हिंदू संगठनों ने तत्काल पुलिस प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई।

हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष रघु प्रताप सिंह और गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता फरीदपुर थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों के सामने इस तरह की नारेबाजी असंवेदनशील है और इससे समाज में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि वायरल वीडियो में जो युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, उनकी जल्द से जल्द पहचान की जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
रघु प्रताप सिंह ने कहा कि फरीदपुर एक शांतिप्रिय कस्बा है, जहां वर्षों से विभिन्न धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते आए हैं। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।
मामले को लेकर थाना प्रभारी राधेश्याम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों की पहचान होने के बाद उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाना प्रभारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की। घटना के बाद कस्बे में प्रशासन की ओर से लगातार गश्त की जा रही है और अधिकारियों ने हालात पर पैनी नजर बना रखी है। फिलहाल कस्बे में शांति और सामान्य माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता यह साफ संकेत दे रही है कि किसी भी तरह की अराजकता को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।







Leave a Reply