लखीमपुर खीरी में बाढ़ के बीच इंसानियत और प्रशासन की तत्परता ने एक परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई है। निघासन तहसील क्षेत्र में पानी से घिरे हालातों के बीच एक गर्भवती महिला ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर बच्चे को जन्म दिया।

दरअसल, शारदा नदी की बाढ़ से निघासन तहसील क्षेत्र के ग्रांट नंबर-12 सहित कई गाँव जलमग्न हैं। इसी बीच रंडुता गाँव निवासी संजय निषाद की पत्नी शीला निषाद को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। चारों तरफ पानी भरे होने से परिवार मदद के लिए परेशान था।

बाढ़ के बीच ट्रैक्टर ट्रॉली पर महिला ने दिया बच्चे को जन्म। प्रशासन ने की मदद
इसी दौरान क्षेत्रीय लेखपाल ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर मौके पर पहुंचे और गर्भवती महिला को निकालने की कोशिश की गई। लेकिन रास्ते में ही शीला की पीड़ा बढ़ गई। हालात को देखते हुए वहीं कपड़े और तिरपाल से अस्थायी झोपड़ी बनाई गई, जिसमें महिला ने सुरक्षित प्रसव किया और एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
इसके बाद माँ और बच्चे दोनों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलबेहड़ भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी जांच और टीकाकरण कर सुरक्षित रखा।

इस दौरान एसडीएम राजीव निगम ने परिवार से मुलाकात की और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद कर रहा है और राहत सामग्री भी लगातार वितरित की जा रही है।








Leave a Reply