ग्राम खुल्लपुर में महिला व मासूम बाल-बाल बचे, ग्रामीण योजनाओं से वंचित
बरेली तहसील फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम खुल्लपुर में बीती रात बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव निवासी पुष्पाल पुत्र राम भजन के मकान की दीवार अचानक ढह गई। उसी समय तख्त पर सो रही महिला और उसकी दो माह की मासूम संतान मलबे की चपेट में आते-आते बच गए। हालांकि हादसे में तख्त क्षतिग्रस्त हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में दर्जनों मकान जर्जर हालत में हैं, जो किसी भी समय गिर सकते हैं। पिछले माह भी कई मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन की तमाम योजनाओं के बावजूद वे अब तक प्रधान की लापरवाही के कारण लाभ से वंचित हैं। यहां तक कि कई परिवारों के राशन कार्ड तक नहीं बने। गांव की सड़कें जलमग्न हैं और हर तरफ कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान से लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन प्रधान केवल आश्वासन देकर टालते आ रहे हैं।

बारिश से परेशान
शनिवार को बारिश से ग्रामवासी खुशपाल पुत्र बनवारी का मकान भी गिर गया। भय के कारण ग्रामीण अब अपने जर्जर घरों को छोड़कर पड़ोसियों के मकानों में शरण लिए हुए हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो आने वाले दिनों में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

इस संबंध में जब अपर जिलाधिकारी बरेली से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि तहसीलदार फरीदपुर को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिन परिवारों का नुकसान हुआ है उन्हें मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।








Leave a Reply