सहारनपुर में थाना मंडी क्षेत्र के मोहल्ला बड़तला यादगार में घरेलू विवाद से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मोनू जायसवाल (30) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, मोनू का अपनी पत्नी के साथ अक्सर मामूली विवाद होता रहता था। बुधवार शाम भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के कुछ समय बाद मोनू ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगा ली। जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खुलते देखा तो खिड़की से झांककर देखा और घटना की जानकारी होते ही चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलते ही थाना मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और जरूरी सैंपल एकत्र किए। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी।

तनाव में रहता था युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोनू शांत और मिलनसार स्वभाव का युवक था, लेकिन बीते कुछ समय से वह मानसिक तनाव में नजर आता था। परिवार में चल रहे घरेलू विवाद ने उसे अंदर से तोड़ दिया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद तय होगी अगली कार्रवाई. एसपी ग्रामीण सागर जैन ने बताया की प्राथमिक जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।








Leave a Reply